जामताड़ा
जामताड़ा सदर अस्पताल के पास आज दोपहर 6 वर्षीय मासूम को एक अनियंत्रित बुलेट ने जोरदार टक्कर मार दी. बताय अजा रहा है कि बुलेट सवार एक पुलिसकर्मी था. इस दुर्घटना में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका उपचार फिलहाल सदर अस्पताल में चल रहा है. जानकारी के अनुसार, जामताड़ा थाना क्षेत्र के पसोई निवासी शाहू शेख अपने 6 वर्षीय बेटे रहान शेख को लेकर सोमवार दोपहर करीब 12:00 बजे सदर अस्पताल पहुंचे थे. जैसे ही वे अस्पताल के पास सड़क पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बुलेट सवार ने बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा सड़क पर दूर जा गिरा, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं.
एंटी-रेबीज इंजेक्शन लेने बच्चा पहुंचा था अस्पताल
घायल बच्चे के पिता शाहू शेख ने बताया कि वे एक विचित्र स्थिति के कारण अस्पताल आए थे. सुबह उनके गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में एक अन्य बच्चे को कुत्ते ने काट लिया था. शाहू शेख के बेटे ने अनजाने में उस बच्चे का जूठा खाना खा लिया था. संक्रमण के डर से पिता अपने बेटे को एंटी-रेबीज इंजेक्शन दिलवाने और डॉक्टर से परामर्श लेने सदर अस्पताल लाए थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर यह सड़क हादसा हो गया. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. मामले की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली. पुलिस द्वारा आगे की छानबीन की जा रही है. वर्तमान में बच्चे की स्थिति पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है.
.jpg)